पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों की सुनवाई की गई। केंद्र पर कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई। समझाने-बुझाने और आपसी बातचीत के बाद दो दंपतियों के बीच समझौता कराया गया। इसके बाद दोनों दंपतियों को सकुशल उनके घर भेज दिया गया।
15 साल पुराने विवाद में बनी सहमति
थाना कटरा क्षेत्र के एक दंपति का विवाह करीब 15 वर्ष पहले हुआ था। दंपति की चार बेटियां हैं। पत्नी ने सुनवाई के दौरान पति पर गाली-गलौज, मारपीट करने और खर्च न देने का आरोप लगाया। उसने कहा कि वह पति के साथ रहना चाहती है, लेकिन इसके लिए पति को उसके साथ ठीक व्यवहार करना होगा।
वहीं पति ने बताया कि वह दिल्ली में काम करता है। उसने पत्नी को खर्च देने और उसे अपने साथ रखने का आश्वासन दिया। परिवार परामर्श केंद्र के सदस्यों ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उन्हें पारिवारिक जीवन को लेकर समझाया। दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौते के लिए तैयार हो गए। इसके बाद दंपति को सकुशल विदा कर दिया गया।
दो माह से मायके में रह रही थी पत्नी
थाना निगोही क्षेत्र के करीब दो वर्ष पुराने दंपति विवाद में पत्नी पिछले दो माह से अपने मायके में रह रही थी। महिला आठ माह के बच्चे की मां है। उसने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और खर्च न देने का आरोप लगाया।
सुनवाई के दौरान पति ने शराब छोड़ने और पत्नी को अपने साथ रखने का आश्वासन दिया। केंद्र के सदस्यों ने दोनों पक्षों को समझाकर पारिवारिक विवाद समाप्त करने का प्रयास किया। बातचीत के बाद दोनों पक्षों में आपसी सहमति से समझौता हो गया। इसके बाद दंपति को सकुशल घर भेज दिया गया।
परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी मधु यादव, परामर्शदाता हिमांशु श्रीवास्तव समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे। केंद्र के माध्यम से पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया गया।