एमए पब्लिक स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सीनियर वर्ग के करीब 120 छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकला, आलेखन और पेंटिंग के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने अलग-अलग विषयों पर आकर्षक और सुंदर चित्र बनाए। रंगों और कल्पनाशीलता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता में शीतल सक्सेना ने प्रथम, आस्था मिश्रा ने द्वितीय और दिव्यांशी सक्सेना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मुस्कान गुप्ता ने चौथा, हिमांशी ने पांचवां, सरिता यादव ने छठा और नव्या गुप्ता ने सातवां स्थान हासिल किया।
प्रतिभागियों को किया प्रोत्साहित
विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद आसिफ अली मंसूरी ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि चित्रकला और पेंटिंग बच्चों की रचनात्मकता को विकसित करने का बेहतर माध्यम हैं। रंगों के माध्यम से बच्चे अपनी कल्पनाओं और भावनाओं को प्रभावी ढंग से व्यक्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि चित्रकला बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर देती है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि के क्षेत्र में निरंतर अभ्यास करते हुए प्रतिभा को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता प्रभारी अब्दुल रहमान खान, मोहम्मद जैद मंसूरी और शिवम वर्मा रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में अन्या शुक्ला, रीता चौहान, पल्लवी राठौर, ओमवीर यादव, शोएब खान, सुभ्रा वर्मा, बृजेश वर्मा, जितेंद्र कुशवाहा और करुणा शंकर पांडेय का सहयोग रहा।