जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वावधान और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में शनिवार को जनपद न्यायालय परिसर कासगंज में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों, प्रशासनिक एवं राजस्व न्यायालयों, बैंकों तथा अन्य संस्थाओं से जुड़े मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराया गया। विशेष लोक अदालतों में निस्तारित मामलों को मिलाकर कुल 46,561 वादों का निस्तारण हुआ और 5,37,57,567 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कासगंज रामेश्वर ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय कृष्ण यादव, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिकरण हरविन्दर सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह, जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एवं उपजिलाधिकारी कासगंज मंजूर अहमद अंसारी, प्रथम अपर जिला जज रत्नेश कुमार श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी जेबा मजीद, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो धनन्जय कुमार मिश्रा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/त्वरित न्यायालय-1 अनुतोष कुमार शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खान जीशान मसूद, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शालिनी विधेय सहित न्यायिक अधिकारी, मध्यस्थ अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, डिफेंस काउंसिल एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
लोक अदालत के अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने स्वास्थ्य शिविर का भी फीता काटकर उद्घाटन किया। शिविर में लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच कराई गई और आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।
न्यायालयों में इस तरह हुआ मामलों का निस्तारण
जनपद न्यायाधीश रामेश्वर ने दो वाद निस्तारित कर एक हजार रुपये अर्थदंड वसूल किया। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय कृष्ण यादव ने 10 वादों का निस्तारण किया। मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिकरण के पीठासीन अधिकारी हरविन्दर सिंह ने 27 वाद निस्तारित करते हुए 1,70,33,314 रुपये मोटर दुर्घटना प्रतिकर के रूप में अवार्ड किए।
प्रथम अपर जिला जज रत्नेश कुमार श्रीवास्तव ने 407 वाद निस्तारित कर 41 हजार रुपये अर्थदंड वसूल किया। विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी जेबा मजीद ने दो वाद निस्तारित कर एक हजार रुपये, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो धनन्जय कुमार मिश्रा ने चार वाद निस्तारित कर चार हजार रुपये तथा अपर जिला जज/त्वरित न्यायालय-1 अनुतोष कुमार शर्मा ने चार वाद निस्तारित कर एक हजार रुपये अर्थदंड वसूल किया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खान जीशान मसूद ने 4,955 वादों का निस्तारण कर 1,12,890 रुपये अर्थदंड वसूल किया। सिविल जज (सीडि) अविनाश कुमार मिश्रा ने 99 वाद निस्तारित करते हुए 1,05,46,159 रुपये के उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किए।
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गिरेन्द्र सिंह ने 301 वाद निस्तारित कर 5,500 रुपये, अपर सिविल जज (सीडि) प्रवीन कुमार गौतम ने 353 वाद निस्तारित कर 3,500 रुपये, सिविल जज (सीडि)/त्वरित न्यायालय मेहर जहां ने 104 वाद निस्तारित कर 1,040 रुपये तथा प्रथम सिविल जज (जू.डि) पियूष मूलचंदानी ने 60 वाद निस्तारित कर 530 रुपये अर्थदंड वसूल किया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट वर्तिका शैलत ने 246 वाद निस्तारित कर 3,450 रुपये, ग्राम न्यायालय पटियाली के न्यायाधीश प्रखर तिवारी ने 100 वाद निस्तारित कर एक हजार रुपये, प्रथम अपर सिविल जज (जू.डि)/जेएम अदिती गर्ग ने 28 वाद, द्वितीय सिविल जज (जू.डि) अंकिता ने 91 वाद निस्तारित कर 900 रुपये तथा सिविल जज (जू.डि)/जेएम/त्वरित न्यायालय सचिन सिंह ने 100 वाद निस्तारित कर 5,440 रुपये अर्थदंड वसूल किया। सिविल जज (जू.डि)/त्वरित न्यायालय/जेएम आकांक्षा ने 83 वादों का निस्तारण किया।
राजस्व न्यायालयों में 38,870 मामले निस्तारित
प्रशासनिक एवं राजस्व न्यायालयों द्वारा सबसे अधिक 38,870 वादों का निस्तारण किया गया। बैंकों ने 230 मामलों का निस्तारण करते हुए 2,54,81,948 रुपये की धनराशि का समझौता कराया। स्थायी लोक अदालत कासगंज के अध्यक्ष अरविन्द कुमार यादव ने तीन वाद निस्तारित कर 2,57,666 रुपये की धनराशि का समझौता कराया।
दूरसंचार निगम (बीएसएनएल) ने 13 वादों का निस्तारण कर 19,482 रुपये की धनराशि का समझौता कराया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग कासगंज ने दो वाद निस्तारित कर 2,36,748 रुपये की धनराशि का समझौता कराया।
इस प्रकार विशेष लोक अदालत की तिथियों में 467 वाद तथा 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 46,094 वाद निस्तारित हुए। दोनों को मिलाकर कुल 46,561 वादों का निस्तारण किया गया और 5,37,57,567 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट हुआ।