Sunday, September 13, 2026

गंगा पार क्षेत्र को चाहिए विकास की धार, मुख्यमंत्री से बांध समेत 9 सुविधाओं की मांग को लेकर समाजसेवी अब्दुल हफीज गांधी ने पटियाली एसडीएम को सौपा ज्ञापन

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 11, 2026

गंगा पार क्षेत्र को चाहिए विकास की धार, मुख्यमंत्री से बांध समेत 9 सुविधाओं की मांग को लेकर समाजसेवी अब्दुल हफीज गांधी ने पटियाली एसडीएम को सौपा ज्ञापन

एसडीएम पटियाली के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, गंगा कटान से बचाव और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की उठाई आवाज

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

पटियाली। तहसील क्षेत्र के गंगा पार एवं गंगा से सटे तटीय इलाकों की बदहाल स्थिति को लेकर एडवोकेट एवं समाजसेवी अब्दुल हफीज गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजकर क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की है। ज्ञापन उपजिलाधिकारी पटियाली आतिश कुमार सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया है।


ज्ञापन में कहा गया है कि पटियाली तहसील का गंगा पार क्षेत्र लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से पीछे है। क्षेत्र के ग्रामीण गंगा कटान, बाढ़, खराब सड़कों, विद्युत समस्या और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। हर वर्ष गंगा कटान के चलते बड़े पैमाने पर कृषि भूमि प्रभावित होती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ ही गांवों के अस्तित्व पर भी खतरा बना रहता है।

रामताल से हिम्मतनगर बझेरा तक बांध की मांग

अब्दुल हफीज गांधी ने रामताल से हिम्मतनगर बझेरा तक मजबूत एवं स्थायी बांध निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि स्थायी सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में हर साल गंगा कटान किसानों की उपजाऊ भूमि को निगल रहा है। इसके साथ ही हंसी नगला-मूंजखेड़ा से राजेपुर कुर्रा तक भी बांध निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि यदि समय रहते स्थायी कटानरोधी कार्य नहीं कराए गए तो आने वाले वर्षों में कृषि भूमि के साथ आबादी पर भी संकट और गहरा सकता है।

नगला खिमाई में खाद केंद्र और गंगा पार सरकारी अस्पताल की मांग

किसानों की समस्या को देखते हुए नगला खिमाई में सहकारी समिति खाद केंद्र स्थापित करने की मांग की गई है। इसके अलावा गंगा पार क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में क्षेत्र में सरकारी अस्पताल की स्थापना की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है।

ओम नगरिया में बिजलीघर और कादरगंज पुल पर हाईमास्ट की मांग

ज्ञापन में गंगा पार ओम नगरिया में विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की मांग की गई है, ताकि क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर किया जा सके। वहीं कादरगंज पुल पर हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग की गई है। ज्ञापनकर्ता का कहना है कि पुल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

तीन साल से क्षतिग्रस्त पुलियों के निर्माण की मांग

जनसमस्याओं से जुड़े अन्य मुद्दों में नगला जयकिशन मार्ग पर गंगा कटान से क्षतिग्रस्त पुलिया और रामताल रोड की टूटी पुलिया का तत्काल पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई है। ज्ञापन के अनुसार दोनों पुलियां करीब तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त हैं, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी हो रही है। इसके अलावा वहोरा से सनोड़ी खास तक सड़क की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराने की मांग भी की गई है।

ज्ञापन में अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि गंगा पार एवं तटीय क्षेत्र लंबे समय से उपेक्षित है। यदि शासन स्तर से इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए तो किसानों की भूमि को सुरक्षित करने के साथ ही क्षेत्र के लाखों लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

ज्ञापन के माध्यम से समाजसेवी अब्दुल हफीज गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.