Tuesday, July 28, 2026

पटियाली में औषधि विभाग का तीन मेडिकल स्टोरों पर छापा, छह दवाओं के नमूने जांच को भेजे

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 28, 2026

पटियाली में औषधि विभाग का तीन मेडिकल स्टोरों पर छापा, छह दवाओं के नमूने जांच को भेजे

ड्रग इंस्पेक्टर मोहित कुमार की कार्रवाई से मेडिकल कारोबारियों में मचा हड़कंप, मानक विहीन दवाएं मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जनपद में दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और अवैध दवा कारोबार पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से मंगलवार को औषधि विभाग ने पटियाली कस्बे में व्यापक जांच अभियान चलाया। ड्रग इंस्पेक्टर मोहित कुमार के नेतृत्व में टीम ने तीन मेडिकल स्टोरों पर औचक छापेमारी कर दवाओं के नमूने लिए और अभिलेखों की गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान पूरे कस्बे में मेडिकल कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया।


निरीक्षण के दौरान विवेक मेडिकल स्टोर से चार तथा अभय मेडिकल स्टोर से दो दवाओं के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं गौरव मेडिकल स्टोर का भी गहन निरीक्षण किया गया, जहां दवाओं के भंडारण, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।


ड्रग इंस्पेक्टर मोहित कुमार ने बताया कि सभी छह दवा नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई दवा निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरती है अथवा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अचानक हुई इस कार्रवाई से पटियाली के मेडिकल कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई दुकानदार अपने लाइसेंस, खरीद-बिक्री के बिल और अन्य दस्तावेजों को व्यवस्थित करने में जुट गए। वहीं बिना लाइसेंस अथवा नियमों के विपरीत दवा कारोबार करने वालों में भी खासी बेचैनी रही।

ड्रग इंस्पेक्टर मोहित कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में बिना लाइसेंस दवा बिक्री, प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध गुणवत्ता की दवाओं का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले भर में औचक निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.