Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ: जौहर विश्वविद्यालय के समर्थन में सपा अल्पसंख्यक सभा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 27, 2026

KASGANJ: जौहर विश्वविद्यालय के समर्थन में सपा अल्पसंख्यक सभा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

अखिलेश यादव के निर्देश पर कासगंज में प्रतिनिधिमंडल सक्रिय, 38 भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई रोकने की उठाई मांग

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश तथा समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी के आह्वान पर सोमवार को समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, कासगंज के प्रतिनिधिमंडल ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर को बचाने की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।


जिलाध्यक्ष असहाब हुसैन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने तथा पूरे मामले का विधिसम्मत एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि यह मामला हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों के भविष्य से जुड़ा है। यदि निर्माण अथवा भूमि से संबंधित कोई विवाद है तो उसका समाधान कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जाए, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।


ज्ञापन में यह भी कहा गया कि विश्वविद्यालय के निर्माण के समय ग्राम सींगनखेड़ा न तो रामपुर विकास प्राधिकरण के विनियमित क्षेत्र में शामिल था और न ही उस समय संबंधित अनुमति की आवश्यकता थी। बाद में 27 सितंबर 2024 को इस क्षेत्र को रामपुर विकास प्राधिकरण में शामिल किया गया, जबकि विश्वविद्यालय का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका था। ऐसे में भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई छात्रहित एवं जनहित के विपरीत बताई गई।

इस अवसर पर समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष खलील खान, प्रदेश सचिव अनवार अख्तर, नगर अध्यक्ष तारिक महमूद, मोहम्मद आरिफ दिलदार, शराफत, आरिफ सैफी, तौहीद, समी, मोहम्मद अजहर, रियाजुद्दीन मंसूरी, नवी, फईम, शमशाद शाह, अकरम हैदर, कालू ठेकेदार सहित जिला पदाधिकारी, सैकड़ों नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से छात्रहित और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई पर रोक लगाने और मामले का न्यायोचित समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.