एस. कुमार बोले— 'मंडल आयोग की 38 सिफारिशें अब भी लंबित, पूरे देश में चलाया जाएगा जनजागरण अभियान'
सोरों (अंकित पंडित)। सोरों क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में रविवार को जनता दल समाजवादी के नेतृत्व में 'मंडल क्रांति अभियान' का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने मंडल आयोग की सिफारिशों, पिछड़े वर्ग, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों पर विस्तार से अपने विचार रखे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनता दल समाजवादी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मंडल क्रांति अभियान के राष्ट्रीय संयोजक एस. कुमार ने कहा कि मंडल आयोग की रिपोर्ट वर्ष 1980 में आई थी और बाद में जनता दल सरकार ने इसकी कुछ सिफारिशों को लागू किया। उन्होंने दावा किया कि आयोग की कुल 40 सिफारिशों में से केवल दो ही पूरी तरह लागू हुई हैं, जबकि 38 सिफारिशें अभी भी लंबित हैं। इन्हीं सिफारिशों को लागू कराने और लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से देशभर में मंडल क्रांति अभियान चलाया जा रहा है।
एस. कुमार ने कहा कि दलित, पिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज को अपने अधिकारों और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर जागरूक एवं संगठित होने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अभियान से जुड़कर मंडल आयोग की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत कासगंज जनपद के सोरों क्षेत्र के फतेहपुर गांव से की गई है। इसके बाद इसे उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों तक ले जाया जाएगा और आगे लखनऊ में भी एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अभियान को सफल बनाने के लिए समर्थन और सहयोग देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी संतोष यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष राजवीर शर्मा, प्रदेश सचिव वीरेंद्र सिंह, उदय प्रताप सिंह, अनमोल साहू, राजेश यादव, अनिरुद्ध यादव, रामौतार सिंह, रामकिशोर मौर्य, डॉ. रविंद्र यादव, विश्राम कश्यप, अरविंद कुमार यादव, नंदकिशोर पाल, उदय पाल, नईम प्रजापति, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद असलम, मोहम्मद सगीर सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।