थाना मूसाझाग क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैन्टर लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने जनपद रामपुर की थाना गंज पुलिस के सहयोग से दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटा गया कैन्टर (UP37BT3121) बरामद कर लिया है। मामले में पांच अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की सुबह थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम मैरी मजर के निकट गंगा एक्सप्रेस-वे पर बिहार से आ रहे कैन्टर को बोलेरो सवार 3-4 अज्ञात बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने कैन्टर चालक और हेल्पर के साथ मारपीट की, उनके मोबाइल फोन छीन लिए और कैन्टर लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद दोनों को जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
घटना के संबंध में कैन्टर चालक जराफत पुत्र शफीक, निवासी ग्राम आरिफपुर, थाना बाबूगढ़, जनपद हापुड़ की लिखित तहरीर पर थाना मूसाझाग में मु.अ.सं. 137/2026 के तहत धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में अज्ञात बोलेरो सवार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामपुर के थाना गंज क्षेत्र से दो आरोपियों हसीन पुत्र अनीस कुरैशी निवासी तालकपुर, थाना भोट, जनपद रामपुर तथा हारून पुत्र इस्तयाक निवासी अहेरीपुर, थाना बकेवर, जनपद इटावा को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूटा गया कैन्टर भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने वारदात में अन्नू पुत्र लूकमान, भूरे, मुकुल, गुड्डू निवासी अहेरीपुर, थाना बकेवर, जनपद इटावा तथा आरिस पुत्र हसीन निवासी तालकपुर, थाना भोट, जनपद रामपुर के शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस ने सभी फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।