प्रभु पार्क से गांधी प्रतिमा तक निकाला मार्च, छात्रों को मिठाई खिलाकर बताया लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने इसे "विजय दिवस" के रूप में मनाया। जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रभु पार्क से गांधी प्रतिमा तक पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में भी जमकर नारे लगाए।
जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस लगातार नीट परीक्षा सहित शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर छात्रों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए गए आंदोलन और विपक्ष के दबाव के चलते केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने इसे छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताते हुए कहा कि यह जनआवाज की ताकत का परिणाम है।
पैदल मार्च प्रभु पार्क से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ गांधी प्रतिमा पर पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और जुलूस के साथ चलता रहा।
कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। साथ ही संकल्प लिया कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, छात्रों के अधिकारों की रक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर मुनेन्द्र पाल सिंह राजपूत, सत्य प्रकाश गुप्ता, इमरान अली, दीपक धनगर, मोहम्मद मियां, नूर मोहम्मद नूरी, गुलफाम सिंह, हजारीलाल, राजकपूर, अली हसन, प्रतिभा सिंह, अर्चिका मिश्रा, मीनाक्षी गौड़, ऊषा पाल, सुरभि, सोनी कश्यप, साजिल मियां, झम्मन सिंह, आत्माराम, रूम सिंह, धर्मेंद्र शर्मा, महेंद्र सिंह, अभिषेक दुबे, सुशील शर्मा, चंचल, दीपू पाण्डेय, धर्मवीर, चमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।