खाली प्लॉट पर चल रहा था जुए का फड़, सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सहावर थाना पुलिस ने हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹12,130 नकद और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान के क्रम में क्षेत्राधिकारी सहावर दुर्गेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में थाना सहावर पुलिस ने रविवार को गांव मोहम्मदपुर स्थित रामखिलाड़ी के खाली प्लॉट पर छापेमारी की। यहां हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे छह लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामसनेही पुत्र तिलक सिंह, रामपाल पुत्र वेदराम, हरिप्रसाद पुत्र वेदराम, श्याम पुत्र भीकम सिंह, रवि कुमार पुत्र नेत्रपाल तथा नेमसिंह पुत्र महावीर, सभी निवासी गांव मोहम्मदपुर, थाना सहावर, जनपद कासगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹12,130 नकद और ताश के पत्ते बरामद किए। बरामदगी के आधार पर थाना सहावर में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक जुआ अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। कासगंज पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।