एटा रोड पर गड्ढे में पलटा ई-रिक्शा, वीडियो वायरल; नगर पालिका की बदहाल सड़कों पर लोगों का फूटा गुस्सा
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। बॉलीवुड फिल्म मेरा नाम जोकर का मशहूर गीत "ए भाई... जरा देखकर चल, आगे भी नहीं, पीछे भी नहीं, ऊपर भी नहीं, नीचे भी..." इन दिनों गंजडुंडवारा नगर पालिका क्षेत्र की सड़कों पर पूरी तरह सटीक बैठता नजर आ रहा है। नगर के अधिकांश प्रमुख मार्ग गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं और वाहन चालकों को हर कदम फूंक-फूंककर चलना पड़ रहा है। शनिवार को एटा रोड पर सड़क में बने गहरे गड्ढे के कारण सामान से भरा एक ई-रिक्शा पलट गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन इस घटना ने नगर पालिका की सड़क व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे ने खोली बदहाल सड़कों की पोल
शनिवार को एटा रोड से गुजर रहा सामान से लदा एक ई-रिक्शा सड़क पर बने गहरे गड्ढे में पहिया उतरने से अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दौड़कर चालक को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि उसी समय पीछे से कोई तेज रफ्तार वाहन आ रहा होता तो दुर्घटना कहीं अधिक गंभीर हो सकती थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। देखते ही देखते वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया। वीडियो पर लोग नगर पालिका प्रशासन और पालिका अध्यक्ष मुनब्बर हुसैन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तीखी टिप्पणियां कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि नगर की सड़कों की हालत ऐसी हो चुकी है कि अब वाहन चलाना नहीं बल्कि गड्ढों से बचना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। कुछ लोगों ने तंज कसते हुए लिखा कि गड्ढों से बच जाएं तो समझिए सुरक्षित घर पहुंच गए।
मुख्य मार्गों पर गड्ढों का जाल
नगर पालिका क्षेत्र के एटा रोड, थाना रोड, रेलवे रोड और सुदामापुरी रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बरसात के दौरान इनमें पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालक, ई-रिक्शा, ऑटो और छोटे मालवाहक वाहन आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
नगर की कई सड़कें लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रही हैं। बारिश शुरू होने के बाद गड्ढों की संख्या और गहराई दोनों बढ़ गई हैं। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे वाहन चालकों को रोजाना जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
हर दिन हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर की सड़कों पर निकलना अब खतरे से खाली नहीं है। स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशान हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।
नगरवासियों की मांग
नगरवासियों एवं सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए नगर के मुख्य मार्गों पर बने गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए। साथ ही जिन सड़कों की हालत पूरी तरह खराब हो चुकी है, उनका स्थायी पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके। लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में यही समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।