जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। सीमित संसाधनों के बावजूद बुलंद हौसलों और कड़ी मेहनत के दम पर कस्बा की छात्रा ज़ीनत अंसारी ने नीट परीक्षा में 82.91 प्रतिशत अंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मोहनपुर रोड निवासी सऊद अंसारी की पुत्री ज़ीनत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के साथ हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की पढ़ाई गंजडुंडवारा के एक स्थानीय विद्यालय से पूरी की। इसके बाद उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा लेने के बजाय घर पर रहकर नियमित सेल्फ स्टडी के माध्यम से नीट परीक्षा की तैयारी की। कठिन परिश्रम, अनुशासित दिनचर्या और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने पहली ही कोशिश में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
ज़ीनत की उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता किसी भी परिस्थिति में हासिल की जा सकती है।
ज़ीनत के दादा स्वालेह अंसारी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज़ीनत भविष्य में भी अपनी मेहनत और लगन के बल पर नई ऊंचाइयों को छुएगी तथा एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेगी।
ज़ीनत की सफलता पर परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। बधाई देने वालों में ज़करिया अंसारी, तारिक अंसारी, फैज़ान सलफी, फैसल अंसारी सहित बड़ी संख्या में शुभचिंतक शामिल रहे। सभी ने ज़ीनत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी इस उपलब्धि को गंजडुंडवारा के लिए गौरव का विषय बताया।