जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के सिढ़पुरा-गंजडुंडवारा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गंजडुंडवारा की ओर से आ रही एक प्राइवेट बस का अचानक टायर फट गया। तेज धमाके के साथ टायर फटने के बाद बस अनियंत्रित होकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के पास लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। गनीमत रही कि हादसे के समय विद्युत आपूर्ति बंद थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टायर फटते ही चालक ने बस पर नियंत्रण पाने की कोशिश की, लेकिन बस सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बस में सवार नबलेश पुत्र दीवान सिंह, निवासी ग्राम उदैया, थाना उसहैत, जिला बदायूं कांच लगने से मामूली रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रंजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से यातायात जल्द ही सामान्य हो गया।