जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में पेट्रोल पंप, होटल एवं ढाबा संचालकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, खानपान की गुणवत्ता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पेट्रोल पंप, होटल और ढाबों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से संचालित अवस्था में लगाए जाएं। सभी प्रतिष्ठानों पर भोजन एवं अन्य खाद्य सामग्री की रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए तथा निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में न की जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान होटल एवं ढाबों पर नॉनवेज भोजन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने संचालकों से सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने यह भी बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रत्येक रविवार को बाजार बंद रहेगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मंजूर अहमद, अपर पुलिस अधीक्षक, संबंधित उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ), पेट्रोल पंप एवं ढाबा संचालक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।