Tuesday, July 28, 2026

उर्स ए रजवी की तारीख बदली, अब 6, 7 व 8 अगस्त को होगा

लेखक: Jagran Today | Category: ताजा खबर | Published: July 14, 2026

उर्स ए रजवी की तारीख बदली, अब 6, 7 व 8 अगस्त को होगा

जागरण टुडे, बरेली

 उत्तर प्रदेश के बरेली शरीफ में आयोजित होने वाले 108वें उर्स-ए-रजवी की तारीखों में बदलाव किया गया है। पहले यह आयोजन 7, 8 और 9 अगस्त को होने वाला था, लेकिन कांवड़ यात्रा और शहर में निकलने वाले कांवड़ जुलूसों को देखते हुए अब उर्स 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित होगा। नई तारीखों को लेकर दरगाह आला हजरत के बुजुर्गों ने उलमा की सिफारिश पर अंतिम मुहर लगा दी है।

तारीखों में बदलाव के फैसले से न केवल जायरीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी, बल्कि पुलिस-प्रशासन और शहर वासियों को भी राहत मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि दोनों बड़े आयोजनों के एक ही दिन होने से यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता।


उलमा की कमेटी ने दिया सुझाव

उर्स-ए-रजवी की तिथियां तय करने के लिए जमात रजा-ए-मुस्तफा की ओर से आठ सदस्यीय उलमा समिति का गठन किया गया था। समिति ने धार्मिक, प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद उर्स को 6 से 8 अगस्त तक आयोजित करने की सिफारिश की।

जमात रजा-ए-मुस्तफा के प्रवक्ता समरान खान के अनुसार, दरगाह आला हजरत प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां), दरगाह ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन मुफ्ती असजद रजा खान (असजद मियां) और दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) ने समिति की सिफारिश को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही उर्स-ए-रजवी की नई तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया।


कांवड़ यात्रा के कारण लिया गया फैसला

इस वर्ष 9 अगस्त को उर्स का कुल शरीफ प्रस्तावित था, लेकिन उसी दिन शहर में कांवड़ यात्रा के बड़े जुलूस निकलने हैं। ऐसे में दोनों आयोजनों के एक साथ होने से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसी वजह से प्रशासन ने भी दरगाह प्रबंधन से तारीखों में बदलाव का अनुरोध किया। सूत्रों के अनुसार, सोमवार देर रात अपर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक नगर समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने दरगाह पहुंचकर दरगाह प्रमुख सुब्हानी मियां और काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद मियां से मुलाकात की और तिथियों में बदलाव का आग्रह किया, जिसके बाद नई तारीखों पर सहमति बनी।


दुनियाभर के जायरीन को दी जा रही सूचना

दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि नई तारीखों की जानकारी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से देश-विदेश के जायरीन तक पहुंचाई जा रही है। जिन श्रद्धालुओं ने पहले 7, 8 और 9 अगस्त के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाई थी, उनसे अब 6, 7 और 8 अगस्त के अनुसार बरेली पहुंचने की अपील की जा रही है। उन्होंने बताया कि उर्स की तैयारियों में टीटीएस के स्वयंसेवक शाहिद नूरी, परवेज नूरी, अजमल नूरी, औरंगजेब नूरी, ताहिर अल्वी, शान रजा, मंजूर रजा सहित अन्य कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। जल्द ही दरगाह पर उर्स की तैयारियों को लेकर विस्तृत बैठक भी आयोजित की जाएगी।


बैठक में ये रहे मौजूद

उर्स की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में डॉ. मेहंदी हसन, हाफिज इकराम रजा खान, मोईन खान, शमीम अहमद, समरान खान, यासीन खान, कौसर अली, मौलाना इंतजार अहमद, अब्दुल्लाह रजा खान, दानिश रजा, बख्तियार खान और शाहबुद्दीन रजवी समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.