बरेली और आसपास के यात्रियों के लिए हवाई यात्रा अब पहले से कहीं अधिक आसान होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस ने बरेली से दुबई सहित 17 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए नई कनेक्टिंग फ्लाइट सेवा शुरू कर दी है। नई व्यवस्था के तहत यात्री बरेली से एक ही टिकट पर अपनी यात्रा शुरू कर सकेंगे और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे या नोएडा (जेवर) एयरपोर्ट पर विमान बदलकर अपने अंतिम गंतव्य तक पहुंचेंगे।
अब तक दुबई या अन्य बड़े शहरों की यात्रा के लिए बरेली के यात्रियों को पहले सड़क या रेल मार्ग से दिल्ली अथवा लखनऊ पहुंचना पड़ता था। नई सुविधा शुरू होने के बाद वे सीधे बरेली एयरपोर्ट से यात्रा कर सकेंगे, जिससे समय और असुविधा दोनों में कमी आएगी।
दुबई के लिए सप्ताह में तीन दिन उड़ान
इंडिगो के नए शेड्यूल के अनुसार बरेली से दुबई के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट हर मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। यह सेवा दोपहर करीब तीन बजे बरेली से प्रस्थान करेगी और दिल्ली के माध्यम से दुबई पहुंचेगी। इसके अलावा बरेली से दिल्ली के लिए सप्ताह में 13 उड़ानें और नोएडा (जेवर) के लिए चार उड़ानें संचालित की जाएंगी। इससे लगभग पूरे सप्ताह यात्रियों को दिल्ली और जेवर के लिए हवाई सुविधा उपलब्ध रहेगी।
17 नए गंतव्यों तक कनेक्टिंग सेवा
नई कनेक्टिंग सेवा के जरिए यात्री दुबई के अलावा पटना, चंडीगढ़, वडोदरा, हैदराबाद, जयपुर, रांची, गंगटोक, शिरडी, चेन्नई सहित कुल 17 गंतव्यों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे बरेली मंडल के साथ-साथ कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
एक टिकट में पूरी यात्रा
इंडिगो की इस सुविधा की खास बात यह है कि यात्रियों को अलग-अलग टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी। पूरी यात्रा के लिए एक ही टिकट जारी किया जाएगा। दिल्ली या जेवर एयरपोर्ट पर विमान बदलते समय यात्रियों को एयरपोर्ट परिसर से बाहर भी नहीं निकलना पड़ेगा। ट्रांजिट प्रक्रिया एयरपोर्ट के अंदर ही पूरी होगी।
यात्री सुविधाओं के लिए एयरपोर्ट तैयार
बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि नई कनेक्टिंग फ्लाइट सेवा शुरू होने से यात्री संख्या में वृद्धि होने की संभावना है। एयरपोर्ट प्रशासन इसके लिए पूरी तरह तैयार है और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने कहा कि बरेली से दिल्ली के लिए सीधी हवाई कनेक्टिविटी की लंबे समय से मांग थी, जो अब कनेक्टिंग फ्लाइट व्यवस्था के माध्यम से पूरी हो गई है। वहीं, हाल ही में शुरू हुई जेवर सेवा को भी यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और अधिकांश उड़ानें लगभग पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हो रही हैं।