ब्रज को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने अपने महाअभियान 'हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' को अब जनआंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी तेज कर दी है। अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग, मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग और ब्रज के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बड़े पैमाने पर स्वच्छता संदेश वाले फ्लेक्स और होर्डिंग लगाए जाएंगे। इसके साथ ही कपड़े के थैलों का वितरण, पॉलीथिन पर रोक, प्लास्टिक बोतलों के निस्तारण के लिए डिस्पोजल मशीनें और बाजारों में जनभागीदारी बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित कोर ग्रुप की बैठक में अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विस्तृत रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम, उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी दिए।
केवल शहर नहीं, पूरे ब्रज में चलेगा अभियान
बैठक को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि स्वच्छ ब्रज अभियान केवल मथुरा-वृंदावन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ब्रज के सभी तीर्थस्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ब्रज का सपना केवल सरकारी प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए समाज, व्यापारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता कार्यक्रम चलाकर लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि गांवों में भी अभियान को व्यापक समर्थन मिल सके।
सब्जी मंडियों और बाजारों पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में मथुरा-वृंदावन की सब्जी मंडियों, ठेला-खोमचा क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर फैली गंदगी तथा पॉलीथिन के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त की गई। निर्णय लिया गया कि पॉलीथिन का व्यवहारिक विकल्प उपलब्ध कराने के लिए पहले चरण में बड़े स्तर पर कपड़े के थैले वितरित किए जाएंगे। उद्यमी राजेश बजाज ने अभियान के लिए 500 कपड़े के थैले उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही साड़ी उद्योग से जुड़े अन्य उद्यमियों को भी इस अभियान से जोड़ने का भरोसा दिया।
वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर लगेंगी डिस्पोजल मशीनें
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर प्लास्टिक बोतल और पॉलीबैग डिस्पोजल मशीनें स्थापित की जाएंगी। इन मशीनों में प्लास्टिक की बोतल जमा कराने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों को प्रोत्साहन स्वरूप कपड़े के थैले दिए जाएंगे। इससे प्लास्टिक कचरे में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
हर दुकान बनेगी स्वच्छता की जिम्मेदार
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक दुकानदार अपनी दुकान और उसके सामने के क्षेत्र की स्वच्छता की जिम्मेदारी स्वयं निभाएगा। इसके अलावा व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के नाम से स्वच्छता संदेश वाले फ्लेक्स और होर्डिंग भी लगवा सकेंगे। नवागत नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने नगर निगम की ओर से इस अभियान को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रोडवेज और विभिन्न वाहन संगठनों के माध्यम से यात्रियों को सड़क पर कचरा न फेंकने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
सामाजिक भागीदारी से बनेगा सफल अभियान
बैठक में एडीएम (वित्त) पंकज कुमार, एसीईओ राजीव पाण्डेय, पर्यावरण सलाहकार मुकेश शर्मा, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, उद्यमी दीपक गोयल, राजेश अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, विपिन सिंघल तथा हार्टफुलनेस संस्था के निशांत शर्मा, विपुल अग्रवाल, मोहित और शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य सदस्यों ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए।