सिढ़पुरा (कासगंज)। थाना क्षेत्र के धुमरी रोड स्थित एक स्विमिंग पूल में सोमवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 8 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
मृतक की पहचान शिवा पुत्र संजय शर्मा, निवासी ताजपुर, उम्र करीब 8 वर्ष के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार धुमरी रोड स्थित स्विमिंग पूल में शिवा के डूबने की बात सामने आई। स्विमिंग पूल संचालक वरुण सोलंकी शाम करीब 7 बजे शिवा को पूल से निकालकर एक निजी चिकित्सक डॉ. आर.के. क्लीनिक लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि शिवा शाम करीब 4 बजे तक गांव में ही देखा गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन शव को लेकर स्विमिंग पूल पहुंचे और घटना को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।