Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ: एडीजी एस.के. भगत ने कांवड़ यात्रा तैयारियों का लिया जायजा, सोरों लहरा घाट का किया निरीक्षण

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 13, 2026

KASGANJ: एडीजी एस.के. भगत ने कांवड़ यात्रा तैयारियों का लिया जायजा, सोरों लहरा घाट का किया निरीक्षण

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एस.के. भगत ने सोमवार को कासगंज का एक दिवसीय दौरा किया। उन्होंने सोरों स्थित लहरा घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की तथा बाद में पुलिस कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



एडीजी सबसे पहले पुलिस लाइन कासगंज पहुंचे, जहां उन्होंने सलामी गार्द की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने प्रभाकर चौधरी और ओ.पी. सिंह के साथ सोरों के लहरा घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, आवागमन के लिए निर्धारित मार्ग, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र तथा गोताखोरों की तैनाती सहित भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।


एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने घाटों पर 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन से निगरानी, यूपी-112 एवं पीआरवी वाहनों की सतत सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


निरीक्षण के बाद एडीजी पुलिस कार्यालय कासगंज पहुंचे, जहां उन्होंने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा बेहतर आपसी समन्वय के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रभाकर चौधरी, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी आर.के. तिवारी सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक के बाद एडीजी एस.के. भगत आगरा स्थित जोनल मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.