Tuesday, July 28, 2026

चोरी की सात बाइक के साथ तीन शातिर गिरफ्तार, नंबर प्लेट बदलकर बेचते थे वाहन

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 13, 2026

चोरी की सात बाइक के साथ तीन शातिर गिरफ्तार, नंबर प्लेट बदलकर बेचते थे वाहन

जागरण टुडे, शाहजहांपुर।

मिर्जापुर थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी चोरी की बाइक सस्ते दामों में खरीदकर उनकी मरम्मत कराने के बाद नंबर प्लेट बदल देते थे और फिर उन्हें अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार सुबह मिर्जापुर थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बहरिया स्थित सरकारी स्कूल मोड़ पर तीन युवक चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में खड़े हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान ग्राम बहरिया निवासी शादाब पुत्र शमशाद, शवाब पुत्र शमशाद तथा ग्राम भरतापुर निवासी शिवम पुत्र जितेंद्र यादव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सात मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

वाहनों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वे कलान क्षेत्र के एक व्यक्ति से चोरी की बाइक कम कीमत में खरीदते थे। इसके बाद उनकी मरम्मत कराकर नंबर प्लेट बदल देते और ऊंचे दामों में बेच देते थे। सोमवार को भी वे मोटरसाइकिलों का सौदा करने पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और चोरी की बाइक उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.