मथुरा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने 78वां स्थापना दिवस मनाया
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को कान्हा माखन पब्लिक स्कूल में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश लवानिया ने अभाविप की स्थापना, उद्देश्यों और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास गौरवशाली रहा है। नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालय कभी विश्वभर में ज्ञान के प्रमुख केंद्र थे। उन्होंने विद्यार्थियों से 1949 में प्रारंभ हुए इस छात्र आंदोलन से जुड़कर भारत को पुनः परम वैभव और विश्वगुरु के स्थान पर स्थापित करने में योगदान देने का आह्वान किया।
विभाग प्रमुख डॉ. एस.के. राय ने 'नशा मुक्त परिसर' विषय पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य का अभाव युवाओं को नशे जैसी बुराइयों की ओर ले जाता है। उन्होंने छात्रों से बड़े सपने देखने, उन्हें पूरा करने के लिए कठोर परिश्रम करने और देश को विकसित एवं समृद्ध बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के डायरेक्टर शुभम अग्रवाल ने अभाविप के 78 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को संगठन से जुड़कर समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार शर्मा ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा और सामाजिक दायित्वों के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री दिव्यांशु पचौरी, जिला छात्रा प्रमुख विनीता शर्मा, प्रांत सह एसएफडी संयोजक भूपेंद्र सिंह, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य उमंग अग्रवाल, अमन शर्मा, योगेंद्र चौधरी, वेदांत बारोलिया, कपिल उपाध्याय, हिमांशु गौड़, स्नेहा सैनी, अनमोल, हर्ष सक्सेना सहित अनेक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमन पांडे ने तथा धन्यवाद ज्ञापन साधना प्रजापति ने किया।