अनवर खान सहावर
जागरण टूडे, सहावर।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 42 वर्षीय किसान की असमय मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल किसान ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है। मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम नगला धूरी निवासी यशवीर (42 वर्ष) पुत्र धर्मपाल सोमवार देर शाम अपने खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वह गांव के बाहर पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि यशवीर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर परिजन पहुंचे। आनन-फानन में घायल यशवीर को जिला अस्पताल लेकर आए। यहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें अलीगढ़ ले जा ही रहे थे कि रास्ते में ही यशवीर ने दम तोड़ दिया। मौत की पुष्टि होते ही परिजन शव को वापस जिला अस्पताल लेकर आए। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चांडी चौकी के निकट जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप था कि चांडी चौकी पर लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े थे, जिसके कारण दुर्घटना को अंजाम देने वाला अज्ञात वाहन पुलिस की नजर में नहीं आ सका। ग्रामीणों ने इसे चांडी पर तैनात दारोगा की घोर लापरवाही बताते हुए उनके खिलाफ तत्काल पुलिस कार्रवाई की मांग की। जाम लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन में खलबली मच गई। मौके पर सीओ दुर्गेश कुमार मिश्र, उपजिलाधिकारी एसएन त्रिपाठी और अमापुर विधायक हरिओम वर्मा, तहसीलदार संदीप चौधरी तुरंत पहुंचे। अधिकारियों और विधायक ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और दोषी वाहन चालक व लापरवाह कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे से लगा जाम खुल सका और यातायात सामान्य हुआ।