जागरण टूडे, कासगंज।
जनपद में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रतिष्ठान से भारी मात्रा में सॉस सीज किया है। विभाग ने मिलावट की आशंका के चलते सॉस के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी कासगंज प्रणय सिंह के आदेशों के अनुपालन में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II कुलदीप सिंह के निर्देशन में की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गौरी शंकर सिंह ने शिवपुरी कॉलोनी, सहावर गेट, गली नंबर-2 स्थित वैभवी फूड्स प्रतिष्ठान पर छापेमारी की।
निरीक्षण के दौरान टीम को प्रतिष्ठान में 62 कार्टनों में रखा लगभग 1,488 किलोग्राम सॉस मिला। प्राथमिक जांच में सॉस की गुणवत्ता एवं शुद्धता पर संदेह होने के कारण विभाग ने मौके से सॉस के दो नमूने संग्रहित कर विधिक प्रक्रिया के तहत परीक्षण के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान शेष लगभग 967 किलोग्राम सॉस, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 37 हजार रुपये बताई गई है, को सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने तक उक्त खाद्य सामग्री का उपयोग अथवा विपणन नहीं किया जा सकेगा।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का पूर्ण पालन करने तथा केवल निर्धारित गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पादों का ही निर्माण एवं विक्रय करने की अपील की।
विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।