गंजडुंडवारा पुलिस की बड़ी कामयाबी, एसपी ओपी सिंह की निगरानी में चला ऑपरेशन; आशिक उर्फ गुल्ली गिरफ्तार
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा (कासगंज)। गणेशपुर में शनिवार को सामने आए सनसनीखेज महिला हत्याकांड का गंजडुंडवारा पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। किराए के कमरे में 30 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी आसिफ उर्फ आशिक उर्फ गुल्ली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर ढपाली तिराहा स्थित कब्रिस्तान के पास से दबोच लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
शनिवार सुबह गांव गणेशपुर में एसआर पेट्रोल पंप के पास एटा रोड स्थित केनरा बैंक के निकट किराए के कमरे में महिला का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतका की पहचान शिवली (30) पत्नी सनोज, निवासी मोहल्ला कायस्थान, कस्बा सिढ़पुरा के रूप में हुई। उसके गले पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे वार थे। कमरे में चारों ओर फैला खून घटना की भयावहता बयां कर रहा था। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। इसके बाद क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ ही देर बाद पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर फोरेंसिक टीम से साक्ष्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को हर पहलू से जांच कर जल्द से जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के मार्गदर्शन में गंजडुंडवारा पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर हत्या का सफल अनावरण कर दिया।
पुलिस ने ढपाली तिराहा स्थित कब्रिस्तान के पास से आसिफ उर्फ आशिक उर्फ गुल्ली पुत्र आकिल, निवासी मोहल्ला कुरैशी पश्चिम ठोक, थाना गंजडुंडवारा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना गंजडुंडवारा में मु.अ.सं. 171/2026 के तहत धारा 103(1)/3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज है। आरोपी से हत्या के कारण और घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, कांस्टेबल प्रमोद कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल गौरव शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि विवेचना जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि हत्या के पीछे की पूरी वजह भी जल्द स्पष्ट कर दी जाएगी।