घर में घुसकर दंपती को बनाया था बंधक, एक बदमाश छत से कूदकर भागा पुलिस हिरासत में, पुलिस ने घेराबंदी कर दो को घायल अवस्था में दबोचा
जागरण टूडे, राहुल गुप्ता,पटियाली।
कासगंज जनपद के पटियाली कस्बे में शुक्रवार शाम दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गंजडुंडवारा रोड स्थित एक मकान में घुसे तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर दंपती को बंधक बनाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान की घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में करीब चार राउंड गोलियां चलीं, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली में भर्ती कराया, जबकि तीसरे बदमाश को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, राहुल यादव पुत्र रविंद्र यादव अपनी पत्नी टिंकी यादव और 10 वर्षीय पुत्र आर्यांश के साथ गंजडुंडवारा रोड स्थित मकान में रहते हैं। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे स्प्लेंडर बाइक से पहुंचे तीन युवकों ने घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही राहुल ने दरवाजा खोला, बदमाशों ने तमंचे की बट से उनकी नाक पर हमला कर घायल कर दिया और दंपती को बंधक बनाने का प्रयास किया।
पीड़िता टिंकी यादव ने बताया कि किसी तरह दोनों बदमाशों के चंगुल से निकलकर बाहर आए और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। इसी दौरान एक बदमाश तीन मंजिला मकान की छत से कूदकर भागने का प्रयास किया, जबकि दो बदमाश मकान के भीतर ही घिर गए।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इंस्पेक्टर अजयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने पूरे मकान की घेराबंदी कर दी। घिरे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर रही है। घायल दोनों बदमाशों ने अपना नाम 19 वर्षीय अभिषेक पुत्र धीरेन्द्र निवासी नरथर, 20 वर्षीय विकास पुत्र मनोज रेलवे रोड गंजडुंडवारा बताया है।
प्रारंभिक जांच में उनके मकान में घुसने के उद्देश्य और आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।