चौधरी श्रीराम यादव डिग्री कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
जागरण टूडे, राहुल गुप्ता,पटियाली।
जनपद कासगंज के पटियाली स्थित चौधरी श्रीराम यादव डिग्री कॉलेज परिसर में शुक्रवार को पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक नादिरा सुल्तान ने पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
विधायक नादिरा सुल्तान ने कहा कि एक पौधा केवल हरियाली ही नहीं देता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण, शुद्ध हवा और बेहतर जीवन का आधार भी बनता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल पौधरोपण तक ही सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करें, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प भी लिया। वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिल सकती है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन से जुड़े शिव प्रताप यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मुनेंद्र शाक्य, पूर्व पंचायत सदस्य प्रांजल यादव, विद्यालय के प्राचार्य संतोष मिश्रा, पूर्व नगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद, पुष्पेंद्र यादव, निर्दोष तिवारी, मनोज यादव, शुगर सिंह, अशोक कुमार तथा कुमार पाल सिंह बघेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने तथा अधिक से अधिक पौधरोपण करने के संदेश के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने कहा कि प्रकृति की सुरक्षा और हरियाली बढ़ाने के लिए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए।