Tuesday, July 28, 2026

सांसद-विधायक प्रस्तावित कार्य 15 तक दें: मुख्यमंत्री

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 30, 2026

सांसद-विधायक प्रस्तावित कार्य 15 तक दें: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में लोक निर्माण विभाग की कार्य योजना की समीक्षा

जागरण टुडे, बरेली

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार अपराह्न सर्किट हाउस में विधान सभावार समीक्षा करते हुए कहा कि सांसद एवं विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में प्रस्तावित विकास कार्य प्राथमिकता से तय करें। जनप्रतिनिधि प्रस्तावों में कोई संशोधन या सुझाव देना चाहते हैं तो उसे तत्काल उपलब्ध करायें, जिससे संबंधित कार्य योजना की 15 जुलाई तक स्वीकृति प्रदान कर धनराशि अवमुक्त की जा सके। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक शिलान्यास कार्य शुरू किए जाने हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए, जिससे कार्य गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध पूर्ण हो सके।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली सर्किट हाउस में पहुंचकर मण्डल के लोक निर्माण विभाग के नए कार्यों की कार्य योजना समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग प्रमुख सचिव अजय चौहान ने बताया कि बरेली मण्डल में कुल 5121 करोड़ रुपये की लागत से 2155 कार्य प्रस्तावित हैं, जिसके तहत 6 स्टेट हाईवे, 56 एमडीआर/ओडीआर, 1 बाईपास, 23 धमार्थ कार्य, 6 लाजिस्टिक/ इंडस्ट्रीयल कार्य, 1 आईएससी रोड, 394 चीनी मिल, 255 न्यू कंस्ट्रेक्शन, 1 सीआरआईएफ रोड, 35 रोड सेफ्टी सम्बंधित कार्य, ग्रामीण क्षेत्र में 91 बडे़/लघु सेतु कार्य, नगरीय क्षेत्र में 2 बडे़/ लघु सेतु कार्य, 4 आरओडी, 1280 मार्गों का मरम्मत कार्य शामिल है।

समीक्षा बैठक में ये रहे मौजूद

मंडलीय समीक्षा बैठक में केन्द्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, बीएल वर्मा, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, मंत्री धर्मपाल सिंह, डॉ अरुण कुमार, जेपीएस राठौर, बृजेश सिंह, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, महापौर डॉ उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सांसद  छत्रपाल सिंह गंगवार, अरूण सागर, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, बहोरन लाल मौर्य, सुधीर गुप्ता, अशीष पाठक, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ डीसी वर्मा, डॉ एमपी आर्य, डॉ राघवेन्द्र शर्मा, महेश चन्द्र गुप्ता, बिल्सी हरीश कुमार, राजीव कुमार सिंह, पूरनपुर बाबूराम पासवान, सलोना कुशवाहा, वीर विक्रम सिंह उर्फ प्रिंस, हरि प्रकाश शर्मा, अरविन्द कुमार सिंह, चेतराम पासी, प्रवक्तानन्द, विवेक शर्मा, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और लोक निर्माण विभाग के मण्डल व जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।

बिजली अव्यवस्था से योगी नाराज

 बिजली आपूर्ति व्यवस्था में लापरवाही और मनमानी से हर कोई परेशान है। आपूर्ति अव्यवस्था कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनती जा रही है। अधिकारी-कर्मचारी फोन नहीं उठाते हैं, ऐसी तमाम शिकायतें लगातार उच्च स्तर पर पहुंच रही हैं। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजली आपूर्ति अव्यवस्था पर खास फोकस किया। उन्होंने मनमानी पर कड़ी नाराजगी जताई। निर्देश दिए बिजली सप्लाई व्यवस्था प्राथमिकता से सुदृढ़ की जाए। लाइन हानियां न्यूनतम होनी चाहिए। उन्होंने कहा बिजली चोरों के खिलाफ योजनाबद्ध तरीके से सघन अभियान चलाया जाए। उपभोक्ताओं की बिलिंग व्यवस्था दुरुस्त होना चाहिए। कर्मचारी-अधिकारी फोन उठाने के साथ-साथ समस्याएं प्राथमिकता से निस्तारित करें।


सीएम ने रोपा बेल का पौधा

सर्किट हाउस प्रांगण में मुख्यमंत्री ने बेल के पौधा रोप वन महोत्सव आरंभ किया। इस मौके पर वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार के साथ-साथ बरेली मंडल के तमाम जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। डीएफओ दीक्षा भंडारी, रेंजर वैभव चौधरी समेत वन कर्मियों ने कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। 

दाल-चावल का सादा भोजन किया, हाथ हिलाकर विदा हुए सीएम

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार का बरेली दौरा प्रशासनिक बैठकों के साथ उनकी सादगी की भी चर्चा छोड़ गया। व्यस्त कार्यक्रम के बीच मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में बेहद सादा भोजन किया। उनके भोजन में दाल, चावल, हरी सब्जी और मिष्ठान परोसा गया। भोजन के दौरान उन्होंने अधिकारियों से अनौपचारिक बातचीत भी की और कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं की सराहना की। दौरा समाप्त होने पर मुख्यमंत्री इनोवा क्रिस्टा से एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। सर्किट हाउस से निकलते समय उन्होंने बाहर मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। उनके सहज व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। मुख्यमंत्री के रवाना होने के बाद प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। 

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.