सत्यापन और टोकन के बाद भी लौटाए जा रहे किसान, प्रशासन से जल्द खरीद शुरू कराने की मांग
जागरण टूडे, सहावर (अनवर खान)।
क्षेत्र के ग्राम जमालपुर स्थित सरकारी मक्का क्रय केंद्र पर खरीद शुरू न होने से किसान भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि शासन की ओर से निर्धारित सभी औपचारिकताएं, सत्यापन और टोकन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उनकी उपज नहीं खरीदी जा रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों के अनुसार, जब वे ट्रैक्टर-ट्रॉली में मक्का लेकर क्रय केंद्र पहुंचते हैं तो वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी बारदाना (बोरे) उपलब्ध न होने का हवाला देकर उन्हें वापस लौटा देते हैं। कर्मचारियों का कहना है कि बारदाना उपलब्ध होते ही खरीद शुरू कर दी जाएगी, लेकिन फिलहाल व्यवस्था नहीं होने के कारण खरीद संभव नहीं है।
मो, खिजर, किसान
किसान मोहम्मद खिजर ने बताया कि टोकन जारी होने और सत्यापन पूरा होने के बाद भी किसानों को बारदाना खत्म होने की बात कहकर वापस भेजा जा रहा है। इससे किसानों का समय और धन दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
रामकिशन, किसान
वहीं, ग्राम मोहन नगला निवासी किसान रामकिशन ने बताया कि दूर-दराज के गांवों से ट्रैक्टर-ट्रॉली में मक्का लेकर आने वाले किसानों को परिवहन, मजदूरी और अन्य खर्च वहन करने पड़ रहे हैं। कई किसानों को बार-बार केंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द खरीद शुरू नहीं हुई तो उन्हें मजबूरी में अपनी उपज आढ़तियों और व्यापारियों को समर्थन मूल्य से कम कीमत पर बेचनी पड़ेगी।
परेशान किसानों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर क्रय केंद्र पर आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कराने तथा मक्का खरीद जल्द शुरू कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि सरकार की खरीद व्यवस्था का लाभ तभी मिलेगा, जब केंद्र समय पर और सुचारु रूप से संचालित होंगे।
क्या बोले अधिकारी
जमालपुर क्रय केंद्र के प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केवल ठेकेदार के समय पर न पहुंच पाने के कारण बारदाने की व्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन के भीतर आवश्यक व्यवस्था पूरी कर मक्का की खरीद शुरू कर दी जाएगी।