जागरण टुडे,कासगंज(राहुल गुप्ता)
कासगंज। एक मोबाइल फोन से की गई कॉल और उसकी ऑटो रिकॉर्डिंग ने एक ऐसे राज से पर्दा उठा दिया, जिसने रविवार देर रात पटियाली क्षेत्र में सनसनी फैला दी। रास्ते में एक कार चालक ने कुछ युवकों से मोबाइल मांगकर एक जरूरी कॉल की। चालक के जाने के बाद युवकों ने मोबाइल में रिकॉर्ड हुई ऑटो कॉल रिकॉर्डिंग सुनी तो बातचीत संदिग्ध लगी। उन्हें किसी बड़ी वारदात की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और पटियाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने दरियावगंज रोड स्थित ग्राम अशोकपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 35 वर्षीय राहुल पाण्डेय पुत्र रामतीर्थ का शव बरामद हुआ। शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा कार को सीज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक राहुल पाण्डेय एटा जनपद स्थित माधवानंद इंटर कॉलेज में बाबू के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि कॉलेज के प्रिंसिपल रामकृष्ण पुत्र रामनन्दन पाण्डेय (55) अपनी कार संख्या UP-32 HL-0608 में राहुल का शव लेकर जा रहे थे। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह माधवानंद इंटर कॉलेज, जैथरा का प्रिंसिपल है। वही मृतक के परिजनों ने प्रिंसिपल पर हत्या कर शव ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है।