भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी के पहली बार मथुरा आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वार्ड-36 जयसिंहपुरा स्थित पार्षद एवं कैबिनेट सदस्य राकेश भाटिया के आवास पर आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह में पार्षद राकेश भाटिया और भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने प्रदेश महामंत्री को गदा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। वहीं भाजपा नेता पुष्पेंद्र चौधरी और अमन चौधरी ने तलवार भेंट की। इसके अलावा उन्हें साफा, दुपट्टा और पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
इससे पहले यमुना एक्सप्रेसवे स्थित श्याम रसोई से जैसे ही राजेश चौधरी का काफिला जयसिंहपुरा पहुंचा, भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह का माहौल बन गया। पूरे क्षेत्र में "भाजपा जिंदाबाद", "राजेश चौधरी जिंदाबाद" तथा "योगी-मोदी जिंदाबाद" के नारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यकर्ता शाम करीब छह बजे से ही स्वागत के लिए एकत्रित हो गए थे और लगभग दो घंटे तक प्रदेश महामंत्री के आगमन का इंतजार किया।
कार्यक्रम में बाल सुधार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा, पार्षद देवेंद्र कुमार, रवि शर्मा, दिनेश शर्मा एडवोकेट, घनश्याम गौतम, घनश्याम सैनी, ब्रजमोहन सैनी, आशु खंडेलवाल, राजकुमार गौतम, नीरज रावत, कन्हैया पंडित, धीरज शर्मा, मुरारी ठाकुर, अनिल वर्मा, ज्ञान नारायण अग्रवाल, सनी ठाकुर, विनोद जाटव, सुरेश अग्रवाल, केपी सिंह, ऋषभ अग्रवाल, महेश शर्मा, गौतम खंडेलवाल, ऋषि शर्मा, गोपाल, बंगाली दादा, प्रदीप बाल्मीकि, जहीर खान, शहजाद खान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।