इज्जतनगर क्षेत्र स्थित मॉडर्न नर्सरी, धोरेरा माफी में पहली बार रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुए। कॉलोनी के मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर अपनी पहली निर्वाचित कार्यकारिणी का चयन किया।
मतगणना के उपरांत घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर श्री मलकीत सिंह 125 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए, जबकि श्रीमती लक्ष्मी देवी गंगवार को 76 मत मिले। सचिव पद पर श्री अनुज कुमार गुप्ता 123 मत प्राप्त कर विजयी रहे, जबकि श्री मनोज कुमार को 78 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर श्रीमती वंदना यादव 121 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं, जबकि श्री संजीव श्रीवास्तव को 80 मत प्राप्त हुए।
इस अवसर पर कॉलोनीवासियों ने मुख्य चुनाव अधिकारी श्री अवधेश सिंह ठाकुर तथा उनकी पूरी चुनाव संचालन टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व, निष्पक्षता, पारदर्शिता और बेहतर समन्वय के कारण पहली बार आयोजित चुनाव अत्यंत व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से संचालित की गईं, जिससे मतदाताओं ने निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरे कॉलोनी परिवार के विश्वास की जीत है। उन्होंने कॉलोनी के विकास, स्वच्छता, सुरक्षा, पारदर्शिता और आपसी सौहार्द को प्राथमिकता देते हुए सभी निवासियों को साथ लेकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।