जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव पवसरा में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने के बाद परिजनों ने उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं मृतक के बेटे द्वारा पुलिस को दिए गए बयान में लगाए गए आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी सभी आरोप जांच के दायरे में हैं और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
मृतक की पहचान राहुल पुत्र विजेंद्र सिंह निवासी पवसरा के रूप में हुई है। वह मेधा मिल की कैंटीन में कार्य करता था। शनिवार को उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि राहुल का विवाह वर्ष 2018 में अंजलि के साथ हुआ था। उनका कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी किसी अन्य युवक के साथ चली गई थी तथा उसके किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध थे। परिजनों का आरोप है कि इसी कारण राहुल की हत्या की गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले में मृतक के बेटे कार्तिक ने दिए बयान में दावा किया है कि उसकी मां ने कुछ लोगों को घर बुलाया था। बच्चे के आरोप के अनुसार, उन लोगों ने पहले उसके पिता को बेहोशी का इंजेक्शन लगाया, फिर गर्म तार से प्रताड़ित किया और बाद में फंदे पर लटका दिया। पुलिस ने बच्चे के बयान को भी जांच का हिस्सा बनाया है। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की सभी पहलुओं पर जांच जारी है।