भाजपा कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिवस पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
जागरण टूडे, सहावर।
कस्बे के रेलवे रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में रविवार को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि 'बलिदान दिवस' के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के वरिष्ठ नेता अभिषेक तोमर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक चेतना को समर्पित रहा। उन्होंने देशहित को सर्वोपरि मानते हुए राष्ट्रीय एकता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने "एक प्रधान, एक विधान और एक निशान" का नारा देकर राष्ट्रीय एकीकरण का संदेश दिया तथा कश्मीर के भारत में पूर्ण एकीकरण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए डॉ. मुखर्जी का जीवन प्रेरणा का स्रोत है और उनके आदर्शों का अनुसरण कर राष्ट्र सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।
गोष्ठी में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि उनके सिद्धांत आज भी राष्ट्रहित और जनसेवा की भावना को सशक्त बनाने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर डॉ. भूदेव राजपूत, हरिवन सिंह, शिव कुमार, अशोक, मनोज राजपूत, नारायण पाराशर, उदित तोमर, विपिन दीक्षित, संजय वर्मा, प्रवीण वर्मा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और संगठन की मजबूती के संकल्प के साथ हुआ।