आगामी चुनावों को देखते हुए ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने शनिवार को जनपद मथुरा के बाद स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन उपकरणों और वेयरहाउस की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिससे निरीक्षण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर और उसके अंदर की साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस के सभी कमरों में लगे अग्निशमन यंत्रों (फायर सिलेंडरों) की एक्सपायरी तिथि भी स्वयं देखी। उन्होंने निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अग्निशमन उपकरणों की समय-समय पर जांच कराई जाए और एक्सपायर होने से पहले नए सिलेंडर लगाए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की सलाह दी। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए और कहा कि ईवीएम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए निगरानी व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा को ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस परिसर में वृक्षारोपण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि परिसर को हरित और स्वच्छ बनाया जा सके।
निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, लोक निर्माण विभाग प्रथम के अधिशासी अभियंता गुलवीर सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खंडेलवाल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। समाजवादी पार्टी की ओर से नजीम अब्बासी, सोनू ठाकुर और हरेंद्र चौधरी, बहुजन समाज पार्टी से मुनेंद्र सिंह निगम, भारतीय जनता पार्टी से सुरेश तरकर तथा कांग्रेस से बलवीर सिंह प्रधान निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।