ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष ने किए बांके बिहारी के दर्शन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी ने शुक्रवार को वृंदावन पहुंचकर बांके बिहारी जी के दर्शन किए। क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मथुरा पहुंचे पूरनलाल लोधी का भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मथुरा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव और जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस मौके पर पूरनलाल लोधी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि, ठाकुर बांके बिहारी जी और ब्रज रज की पावन धरा पर पहली आगमन उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ठाकुर बांके बिहारी जी का आशीर्वाद उन्हें संगठन के प्रति और अधिक समर्पण, सेवा और निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनका लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करना, प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सुनिश्चित करना तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता के बल पर ही भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से ब्रज क्षेत्र में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा तथा राष्ट्रहित, संगठन हित और जनसेवा के संकल्प के साथ सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूरन लाल लोधी के नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय कार्यशैली से ब्रज क्षेत्र में संगठन और अधिक सशक्त होगा। बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिलेगी।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने कहा कि क्षेत्रीय अध्यक्ष का मथुरा आगमन संगठन के लिए उत्साह और ऊर्जा का अवसर है। उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का अभियान और तेज होगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी, ललित गौतम, विनीत शर्मा, ठाकुर सुरेंद्र सिंह, अंकुर गुर्जर, मनोज ठाकुर सौनोठ, दीपक गोला, जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, बृजेश अहेरिया, बलराम शर्मा, संजय शर्मा, पूर्व महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, उपसभापति एवं पार्षद मुकेश सारस्वत, पार्षद प्रकाश अग्रवाल, गणेश, धर्मेश नौहवार, प्रणय पाराशर, राजू चौधरी, लोकेश निषाद, अवधेश उपाध्याय, हेमंत खंदौली, जितेंद्र वार्ष्णेय, कुलदीप शर्मा, आकाश चौधरी, सतपाल चौधरी, अनिल चौधरी, ज्ञानेंद्र सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।