वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर के आसपास बिक रहे पेड़ों की गुणवत्ता परखने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से पेड़े के 13 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने मंदिर क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठानों की जांच की।
अभियान के दौरान मोहन लाल पेड़े वाले, लाला भइया पेड़े वाले, अग्रवाल पेड़े वाले, हरीदास मिष्ठान भंडार, शर्मा पेड़े वाले, चंदन स्वीट्स, श्री राधा रमण पेड़ा प्रसाद, कुंज बिहारी मिष्ठान भंडार, बृज बिहारी स्वीट्स, कन्हैया स्वीट्स, बृजवासी पेड़े वाला, बिहारी पुत्र लालता प्रसाद तथा राघव मिष्ठान भंडार से एक-एक नमूना लिया गया। कुल 13 नमूनों को सीलबंद कर परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंदिर क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पेड़ा प्रसाद खरीदते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया है। यदि जांच में किसी भी नमूने में मिलावट अथवा मानकों के विपरीत गुणवत्ता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।