Tuesday, July 28, 2026

हत्या और एन्काउंटरों के विरोध में सपा का कैंडल मार्च

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 23, 2026

हत्या और एन्काउंटरों के विरोध में सपा का कैंडल मार्च

जागरण टुडे, मथुरा

समाजवादी पार्टी के नेता सैनापति कुंतल की हत्या और बिहार के भोजपुर में कथित फर्जी एनकाउंटर में भरत भूषण की मौत के विरोध में बुधवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर में कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

समाजवादी नेता गौरव किशनपुरिया एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित कैंडल मार्च होली गेट से शुरू होकर विकास मार्केट स्थित गांधी प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर न्याय की मांग की। मार्च के दौरान "जंगलराज वापस आ गया", "हत्यारों को संरक्षण बंद करो" और "कानून व्यवस्था बहाल करो" जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रदेश और देश में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हत्या और पुलिस कार्रवाई के मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाई जानी चाहिए।

गांधी प्रतिमा पर पहुंचकर समाजवादी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस मौके पर मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी अनिल अग्रवाल ने कहा कि मथुरा में हुई हत्या और बिहार की घटना ने आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून का राज सर्वोपरि होना चाहिए और प्रत्येक घटना की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

समाजवादी बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि यदि हत्या और कथित फर्जी एनकाउंटर के मामलों में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की।

कैंडल मार्च में बादल राज बंसल, गौरव पांडे, अरुण दीक्षित, सोनू यादव, प्रशांत अग्रवाल, ललित मोहिनी स्वरूप शर्मा, सुशील सागर, प्रदेश यादव, मुन्नी देवी, सीमा करण, भगवान सिंह, सलीम खान, लवकुश, भोला पहलवान, सौरभ पांडे, गणेश तोमर, मुकेश पहलवान, साहिल अग्रवाल, बृजेश यादव, सुरेश यादव, छोटू ठाकुर, बबलू कश्यप, कृष्णा सैनी और मुकेश सैनी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.