पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद, पहले भी थाने तक पहुंच चुका था मामला; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुदामापुरी में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। घरेलू कलह से परेशान एक 40 वर्षीय महिला ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। महिला अपने पीछे दो छोटे पुत्रों को छोड़ गई है, जिनकी उम्र क्रमशः 10 और 6 वर्ष बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका अंजलि का अपने पति सुरेश के साथ लंबे समय से किसी न किसी बात को लेकर विवाद चलता रहता था। परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच होने वाले झगड़े पहले भी कई बार बढ़ चुके थे और मामला थाने तक पहुंच गया था। उस समय पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया था, लेकिन इसके बाद भी पारिवारिक विवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह अंजलि ने अपने कमरे में लगे जंगले में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को आशंका हुई। जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो अंजलि फंदे पर लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी राधेश्याम कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आत्महत्या के कारणों की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि मृतका के दो पुत्र शिव (10 वर्ष) और ऋषभ (6 वर्ष) हैं। परिवार के अनुसार सोमवार को बच्चों ने अपने पिता सुरेश को बताया था कि उनकी मां फांसी लगाने जैसी बातें कर रही हैं। इसके बाद सुरेश ने पत्नी को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन मंगलवार सुबह अंजलि ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दे दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।