Tuesday, July 28, 2026

गंजडुंडवारा के गोविंद पुरी स्थित कैनाल रोड पर गंदा पानी सड़क पर बहने से बने गहरे गड्ढे, राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 23, 2026

गंजडुंडवारा के गोविंद पुरी स्थित कैनाल रोड पर गंदा पानी सड़क पर बहने से बने गहरे गड्ढे, राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

गंजडुंडवारा। नगर के गोविंद पुरी क्षेत्र स्थित कैनाल रोड पर नाले की टूटी पटरी और लगातार हो रहे जलभराव ने स्थानीय नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी है। श्री राम गेस्ट हाउस के समीप एवं सर्वेश्वर मंदिर के सामने स्थित मुख्य मार्ग पर नाले की पटरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके चलते नाले का गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। इससे सड़क की इंटरलॉकिंग उखड़ गई है और कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं।

स्थानीय निवासी विनय कुमार मिश्र ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी एवं अध्यक्ष को संबोधित शिकायत के माध्यम से बताया कि सड़क पर हमेशा पानी भरा रहने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन राहगीर, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक भी इस मार्ग से गुजरते समय गिरकर घायल हो रहे हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है और आसपास आवासीय बस्तियों के साथ धार्मिक स्थल भी स्थित हैं। इसके बावजूद लंबे समय से समस्या जस की तस बनी हुई है। गंदे पानी के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।

नागरिकों ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी इस समस्या की ओर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराकर नाले की टूटी पटरी की मरम्मत कराई जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़क और गड्ढों को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानियों और दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.