जागरण टुडे, कासगंज(राहुल गुप्ता)
भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले श्री भागवत राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, पटियाली में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया और योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. नीरज किशोर मिश्रा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति एवं ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को आज विश्व स्तर पर नई पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है, जिससे भारत की सांस्कृतिक विरासत का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ा है।
वक्ताओं ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है तथा स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर गौरव गुप्ता, अवधेश पांडेय, समर सिंह, वैभव, ध्रुव भदौरिया सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने के संकल्प के साथ हुआ।