फरौली फीडर क्षेत्र में लाइन दुरुस्त करते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अनवर खांन, सहावर
जागरण टूडे,सहावर।
थाना क्षेत्र के फरौली फीडर पर तैनात एक संविदा लाइनमैन की गुरुवार को विद्युत लाइन की खराबी ठीक करते समय करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बाहपुर निवासी 28 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र गोवर्धन विद्युत विभाग में संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। गुरुवार को उसे फरौली फीडर क्षेत्र के अंतर्गत रामनगर के निकट विद्युत लाइन में आई खराबी को ठीक करने के लिए भेजा गया था। बताया जाता है कि पुष्पेंद्र विद्युत पोल पर चढ़कर लाइन की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और पोल से नीचे गिर पड़ा।
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया होता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। हालांकि विद्युत विभाग की ओर से अभी तक घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सूचना पर पहुंची सहावर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की। पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, विभागीय स्तर पर भी हादसे की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।