Friday, June 19, 2026

KASGANJ NEWS एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई: सहावर कोतवाली में तैनात दारोगा 6 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 18, 2026

KASGANJ NEWS एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई: सहावर कोतवाली में तैनात दारोगा 6 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


 अनवर खान, सहावर।

जागरण टूडे, सहावर।

कोतवाली में तैनात एक उपनिरीक्षक को एंटी करप्शन टीम ने कथित रूप से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पूरे क्षेत्र में मामले की चर्चा होने लगी।

जानकारी के अनुसार सहावर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक भागवती प्रसाद पर एक मामले में कार्रवाई करने और रिपोर्ट लगाने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की।

बताया जाता है कि एंटी करप्शन टीम ने शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम के साथ दारोगा के पास भेजा। जैसे ही उपनिरीक्षक ने अपने कार्यालय कक्ष में शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये लिए, पहले से निगरानी कर रही टीम ने तत्काल छापा मारकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए।

गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी उपनिरीक्षक को अपने साथ लेकर गई। बाद में उन्हें गंजडुंडवारा थाने लाया गया, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू की गई। अधिकारियों द्वारा मामले की आगे की जांच भी की जा रही है।

इस कार्रवाई की खबर फैलते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई। स्थानीय लोगों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ की गई इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताया है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले की जांच जारी है तथा एंटी करप्शन टीम संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.