अनवर खांन,
जागरण टूडे, सहावर।
थाना क्षेत्र के ग्राम नगला मोहन में बारात चढ़ने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने बारातियों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे दूल्हे के भाई समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने बारात में शामिल कई वाहनों में भी जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार नामजद तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना सोरों क्षेत्र के ग्राम प्रहलादपुर निवासी सोरन सिंह पुत्र श्यामलाल 16 जून की रात अपने भतीजे ओमपाल की बारात लेकर ग्राम नगला मोहन पहुंचे थे। पीड़ित के अनुसार रात करीब तीन बजे बारात धूमधाम से चढ़ रही थी, तभी गांव के कुछ लोगों ने किसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और बारातियों पर लाठी-डंडों तथा पत्थरों से हमला कर दिया गया।
सोरन सिंह द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जुगेन्द्र पुत्र राजकुमार, प्रेमचंद पुत्र भाग सिंह, देवेन्द्र पुत्र भूप सिंह, धर्मेन्द्र सहित करीब 20 अज्ञात लोगों ने बारातियों को घेरकर हमला किया। इस घटना में दूल्हे के भाई सौदान सिंह, कमल सिंह, प्रमोद कुमार तथा पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान सौदान सिंह के गले से सोने की चेन और अंगूठी गायब हो गई। वहीं हमलावरों ने बारात में आई स्कॉर्पियो कार का पिछला शीशा और चालक साइड का दरवाजा पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा एक अन्य वाहन ‘छोटा हाथी’ का अगला शीशा भी तोड़ दिया गया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सहावर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।