जागरण टूडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित महिला जनसुनवाई कार्यक्रम मंगलवार को विकास भवन सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड़ ने की। जनसुनवाई के दौरान महिला अपराध, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, शोषण तथा बलात्कार से संबंधित कुल 13 प्रकरण प्रस्तुत किए गए।
सदस्या रेनू गौड़ ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राप्त 13 मामलों में से दो प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। किसी भी पीड़ित महिला को न्याय पाने में कठिनाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महिला शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए।
जनसुनवाई के दौरान सदस्या ने पीड़ित महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पात्र महिलाओं को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने राशन कार्ड, बच्चों की शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य सरकारी सहायता योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रेनू गौड़ ने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जरूरतमंद महिलाओं को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
कार्यक्रम के दौरान सदस्या ने एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा एक गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।