गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे, कासगंज।
उत्तर प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शामिल सोरों शूकरक्षेत्र में सोमवार को सोमवती अमावस्या का पर्व आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। गंगा स्नान के लिए जनपद सहित आसपास के जिलों और अन्य प्रदेशों से हजारों श्रद्धालु सोरों पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वाहनों की अधिक आवाजाही के चलते देर रात से लेकर सोमवार सुबह तक नगर के विभिन्न मार्गों पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में सोरों पुलिस ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा।
भीषण गर्मी और उमस के बीच पुलिसकर्मियों ने लगातार घंटों तक सड़कों पर डटे रहकर वाहनों का संचालन कराया। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस बल ने प्रमुख चौराहों, घाटों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती। पुलिसकर्मी स्वयं आगे बढ़कर श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देते रहे और जाम की स्थिति बनने पर तत्काल उसे खुलवाने में जुटे रहे।
यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने में पुलिसकर्मियों की मेहनत और समर्पण को देखते हुए सोरों कोतवाल लोकेश भाटी ने उनकी सराहना की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
कोतवाल लोकेश भाटी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने पूरी निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रही और श्रद्धालुओं ने भी राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी पुलिस की तत्परता और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि भारी भीड़ के बावजूद पुलिस के प्रयासों से व्यवस्थाएं नियंत्रित रहीं।