- अनवर खान, सहावर
जागरण टूडे,सहावर।
अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सहावर थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अगवा की गई 19 वर्षीय युवती को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक गोविन्द बल्लभ शर्मा ने बताया कि गत 19 मई को पीड़िता के परिजनों ने थाना सहावर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 19 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित कुमार पुत्र उमाशंकर, निवासी ग्राम जहांगीरपुर थाना सहावर, हाल निवासी दियापोड़ा, ओडिशा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया। पीड़िता के बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद आरोपी लगातार पुलिस से बचने के लिए फरार चल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक गोविन्द बल्लभ शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मंगलवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सहावर-चांडी रोड स्थित ईदगाह के समीप घेराबंदी कर आरोपी रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध थाना सहावर में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गोविन्द बल्लभ शर्मा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल आशुतोष कुमार तथा कांस्टेबल नीरज कुमार की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।