गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे, कासगंज।
श्री रामलीला कमेटी (रजि.) कासगंज ने वर्ष 2026-27 के लिए अध्यक्ष पद के निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। चुनाव समिति द्वारा जारी सूचना के अनुसार अध्यक्ष पद के इच्छुक प्रत्याशी 23 जून, 2026 तक अपने आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।
चुनाव समिति में योगेश चन्द्र गौड़ को मुख्य चुनाव अधिकारी बनाया गया है, जबकि श्री गोपाल माहेश्वरी (बीज वाले) एवं श्री अखिलेश अग्रवाल सर्राफ चुनाव अधिकारी के रूप में नामित किए गए हैं। आवेदन मुख्य चुनाव अधिकारी को छोड़कर किसी भी चुनाव अधिकारी के समक्ष जमा किए जा सकते हैं।
निर्वाचन केवल अध्यक्ष पद के लिए कराया जाएगा। अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनने के लिए आवेदक की आयु 30 जून, 2026 तक न्यूनतम 35 वर्ष होना अनिवार्य है। आवेदन के साथ सदस्यता (सहयोग राशि) रसीद, हस्तलिखित आवेदन पत्र तथा प्रस्तावक एवं अनुमोदक के नाम, हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर देना आवश्यक होगा। प्रस्तावक एवं अनुमोदक दोनों का श्री रामलीला कमेटी का सहयोगदाता होना भी अनिवार्य किया गया है।
यदि आवेदक, प्रस्तावक अथवा अनुमोदक के पास सहयोग राशि की रसीद उपलब्ध नहीं है, लेकिन उन्होंने स्वयं अथवा अपनी फर्म के माध्यम से वर्ष 2025-26 में आर्थिक सहयोग दिया है, तो इसकी पुष्टि कमेटी के अध्यक्ष अथवा महामंत्री से करानी होगी।
चुनाव समिति ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की अंतिम तिथि के बाद कोई नई दावेदारी स्वीकार नहीं की जाएगी। केवल 23 जून, 2026 तक प्राप्त आवेदनों पर ही चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी। इच्छुक प्रत्याशी 26 जून तक लिखित आवेदन देकर अपनी दावेदारी वापस ले सकते हैं।
आवेदनों की जांच के बाद पात्र उम्मीदवारों की सूची 28 जून, 2026 को शाम 6 बजे प्रकाशित की जाएगी। समिति सर्वसम्मति से चुनाव कराने का प्रयास करेगी, अन्यथा चुनाव समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 30 जून, 2026 (मंगलवार) को शाम 4 बजे गंगा देवी भवन, रेलवे रोड, कासगंज में संपन्न कराया जाएगा।
एक ने किया आवेदन
श्री रामलीला कमेटी के चुनाव की तिथि घोषित होने के बाद आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष के अरविंद वार्ष्णेय ने मुख्य चुनाव अधिकारी योगेश चंद्र गौड को अपना आवेदन पत्र सौपा है।