जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कस्बा गंजडुंडवारा रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे रोड पर स्थित लगभग 36 वर्ष पुराना विशाल वृक्ष हाल ही में आई तेज आंधी के कारण धराशायी हो गया। वर्षों से राहगीरों को छाया देने और क्षेत्र के पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला यह वृक्ष स्थानीय लोगों की भावनाओं से भी जुड़ा हुआ है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं अधिवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने गिरे हुए वृक्ष को पुनः रोपित कर संरक्षित किए जाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की देखरेख में वृक्ष की आवश्यक शाखाओं की छंटाई कर उसके मुख्य तने को दोबारा रोपित करने का प्रयास किया जाना चाहिए, जिससे उसके पुनर्जीवित होने की संभावना बन सके।
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि यह वृक्ष केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि क्षेत्र की हरित विरासत और जनभावनाओं का प्रतीक है। यदि समय रहते उचित कदम उठाए जाएं तो इसे बचाया जा सकता है और भविष्य में भी यह लोगों को छाया तथा पर्यावरणीय लाभ प्रदान करता रहेगा।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की कि वन एवं उद्यान विशेषज्ञों की सहायता लेकर वृक्ष के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की संभावनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्रवासियों की इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि रेलवे विभाग को सकारात्मक पहल कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। ऐसे पुराने और ऐतिहासिक वृक्षों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए भी आवश्यक है।