जागरण टूडे,कासगंज।
मानव अधिकार मिशन के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को प्रभु पार्क स्थित बड़े हॉल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद कासगंज के मानव अधिकार मिशन परिवार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष अमृता सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत मानव अधिकार मिशन के उद्देश्यों और समाज में उसकी भूमिका पर प्रकाश डालते हुए की गई। इस दौरान वक्ताओं ने मानव अधिकारों के हनन को रोकने और आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने पर जोर दिया। विशेष रूप से महिलाओं और बेटियों के साथ होने वाली प्रताड़ना, उत्पीड़न और अन्य सामाजिक चुनौतियों से उन्हें सुरक्षित रखने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को न्याय दिलाने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन लगातार कार्य करता रहेगा। साथ ही यह भी संकल्प लिया गया कि मानव अधिकार मिशन को जनपद स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़कर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान कई नए सदस्यों ने मानव अधिकार मिशन की सदस्यता ग्रहण की। महिला प्रकोष्ठ को और अधिक सशक्त बनाने तथा संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया और इसके बाद केक काटकर मिशन का 15वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर महिला जिला अध्यक्ष अमृता सिंह, उपाध्यक्ष अंकित वर्मा, हंसमुखी उपाध्याय, प्रवक्ता जितेंद्र कुमार, तहसील अध्यक्ष रितेश सिंह चौहान, मयंक, शशि कुमार, मुकुंदी लाल, ऋषभ ठाकुर, तेजवीर सिंह, विशाल, नवीन, लखन प्रताप, मानपाल सिंह, श्वेता वर्मा, विजय वर्मा, लता देवी, शशि दीक्षित, शालू गुप्ता, ऊषा, इंद्रा विजय और पूनम उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।