गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे। भारतीय जनता पार्टी के केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कासगंज भाजपा कार्यालय पर एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। प्रेसवार्ता में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) रजनीकांत माहेश्वरी ने समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब विपक्ष के दुष्प्रचार को समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में भाजपा पहले से अधिक मजबूती के साथ जीत दर्ज करेगी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, मीडिया प्रभारी मनोज शर्मा और संजय पूंढीर भी मौजूद रहे।
भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की हालिया टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष लगातार जनता को भ्रमित करने का प्रयास करता रहा है, लेकिन जनता अब इन बातों को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि संविधान समेत विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष द्वारा फैलाए गए भ्रम का कोई असर अब जनता पर नहीं पड़ने वाला है।
माहेश्वरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव समाप्त होने के अगले दिन से ही अगले चुनाव की तैयारी शुरू कर देती है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव में भाजपा पहले से अधिक सीटें हासिल करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्ष प्रदेश और केंद्र की राजनीति में लगातार कमजोर होता जा रहा है।
"विपक्षी नेता अक्सर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते रहते हैं। जनता उनके दुष्प्रचार और भ्रम फैलाने की राजनीति को समझ चुकी है। संविधान और अन्य मुद्दों पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई, प्लास्टिक के संविधान की पुस्तक लेकर जनता को भ्रामक करने का काम करते हैं,लेकिन जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया। अब ऐसे विषयों का जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है।"
"भारतीय जनता पार्टी की रणनीति चुनाव जीतने के अगले दिन से ही अगले चुनाव के लिए शुरू हो जाती है। पार्टी 2027 और 2029 के चुनावों की तैयारियों में जुट चुकी है। हमें विश्वास है कि भाजपा पहले से अधिक सीटें हासिल करेगी और विपक्ष की स्थिति और कमजोर होगी।"